चारधाम यात्रियों का फूटा गुस्सा, श्रीनगर में रोके जाने के बाद होटल कारोबारियों पर लगाए गंभीर आरोप
श्रीनगर गढ़वाल: चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं ने श्रीनगर गढ़वाल में रात के समय रोके जाने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं और यात्रा मार्ग पर बढ़ती महंगाई को लेकर नाराजगी जताई है। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से होटल, भोजन और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
यात्रियों के अनुसार, बीती रात पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें श्रीनगर में रोक दिया। पुलिस का कहना था कि पहाड़ी मार्गों पर रात्रि के समय यात्रा करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। हालांकि कुछ घंटों बाद रात करीब 12:30 बजे यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।
इस दौरान मध्यप्रदेश से आए एक यात्री ने दावा किया कि पूर्व में जोशीमठ क्षेत्र में भी उन्हें यात्रा रोकने के कारण होटल में रुकना पड़ा था, जहां एक रात के लिए करीब 30 हजार रुपये लिए गए। यात्री का आरोप है कि चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर श्रद्धालुओं से जरूरत का फायदा उठाकर अधिक रकम वसूली जा रही है।
यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ-साथ होटलों और अन्य सुविधाओं की दरों की भी निगरानी की जाए। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा के साथ-साथ पारदर्शी और उचित दरों पर सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।
वहीं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को केवल सुरक्षा कारणों से रोका गया था। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते हैं।
इस मामले में उपजिलाधिकारी श्रीनगर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष नहीं मिल सका।