सुल्तानपुर में अवैध मीनार हटाने का काम तेज, प्रशासन की निगरानी में जारी कार्रवाई
रुड़की: लक्सर तहसील के सुल्तानपुर स्थित मस्जिद की अवैध मीनारों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन के निर्देशों के बाद मस्जिद कमेटी द्वारा मीनारों को तोड़ने का कार्य दोबारा शुरू किया गया है। शनिवार को भी मौके पर मीनार हटाने का काम जारी रहा।
एसडीएम लक्सर अनिल शुक्ला ने बताया कि मस्जिद कमेटी के साथ वार्ता के बाद सहमति के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी मीनार को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है और जल्द ही इसे भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि मस्जिद परिसर में निर्मित एक मीनार की ऊंचाई निर्धारित मानकों से अधिक होने के कारण प्रशासन ने पिछले वर्ष इसे सील कर दिया था। जांच में निर्माण को नियमों के विपरीत पाया गया था।
फिलहाल प्रशासन की देखरेख में अवैध हिस्सों को हटाने का कार्य जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया कानून और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है।