ओजली के बच्चों के लिए प्रेरणा बना 7 दिवसीय समर कैंप, हुनर और आत्मविश्वास को मिला नया मंच
पौड़ी जिले के ओजली एवं आसपास के गांवों में आयोजित सात दिवसीय समर कैंप बच्चों के लिए सीखने और आत्मविकास का एक अनूठा अवसर बनकर उभरा। “काश्वियाल एग्रो” और “वालंटियर यात्रा” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कैंप में क्षेत्र के 50 से अधिक बच्चों ने सक्रिय सहभागिता की।
सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों, कला, लोक नृत्य, समूह खेलों और नेतृत्व विकास जैसे विषयों से परिचित कराया गया। कैंप का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें सकारात्मक दिशा देना था।
कैंप का संचालन पिंजौर की श्वेता राणा और चंडीगढ़ की पूर्व प्रधानाचार्य अरविंदर वालिया ने किया। दोनों प्रशिक्षकों ने बच्चों को मनोरंजक और व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान किया।
सात दिनों के दौरान बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और अभिव्यक्ति कौशल में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। कैंप के समापन पर बच्चों ने अपनी सीखी हुई गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
आयोजकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर तरीके से तैयार करते हैं।