वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई देहरादून पुलिस, संबंधित पुलिसकर्मी पर गिरी गाज
देहरादून: सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वायरल वीडियो को लेकर देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी पर कथित रूप से अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग के आरोप लगाए जा रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ डोईवाला वंदना वर्मा ने बताया कि वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली और जनसंपर्क को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस विभाग सभी तथ्यों को खंगालने में जुटा हुआ है।