माटी कला बोर्ड में गैर कुम्हारों की नियुक्ति पर बढ़ा विवाद, समाज ने जताया विरोध
प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में माटी कला बोर्ड में की गई नियुक्तियों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हरिद्वार में प्रजापति (कुम्हार) समाज के लोगों ने प्रेस क्लब में बैठक कर सरकार के फैसले का विरोध किया।
समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि बोर्ड में उपाध्यक्ष और सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर ऐसे लोगों को नियुक्त किया गया है, जिनका कुम्हार समुदाय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इसे समाज के साथ अन्याय बताया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि माटी कला से जुड़े सभी निर्णयों में कुम्हार समाज की भागीदारी जरूरी है, क्योंकि यह उनकी पारंपरिक आजीविका का मुख्य स्रोत है।
समाज ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।