हार की हताशा में पगला रहे हैं इंडी नेता : महेंद्र भट्ट; पीएम पर अभद्र टिप्पणी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी तीखी प्रतिक्रिया
देहरादून। भाजपा ने इंडी गठबंधन नेता द्वारा पीएम मोदी पर की गई अपमानजनक टिप्पणी की भर्त्सना करते हुए इसे विपक्ष का मानसिक दिवालियापन बताया है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि लगातार पराजय के बाद अब विपक्ष में भगदड़ मची हुई है। जो भाग नहीं सकते वे प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर कीचड़ उछालकर 140 करोड़ देशवासियों का अपमान का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत द्वारा अघोरी एवं औरंगजेब से पीएम की तुलना अक्षम्य और निंदनीय है। ये बयान दिखाते हैं कि विपक्ष की हताशा अब नए स्तर पर पहुंच गई है।
बंगाल, आसाम की करारी हार के बाद उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा अब प्रतिशोध में बदल गई है। जिसके कारण कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी नैतिकता और संस्कारों की सारी सीमाएं पार करते जा रहे हैं। कांग्रेस के सहयोगी संजय राउत ने भी प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। जिसमें उन्होंने गुजरात के लोगों को औरंगजेब की धरती का बताया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन नेता पीएम मोदी के लिए अपमानजनक भाषा का सहारा इसलिए लेते हैं, क्योंकि उनके पास आलोचना करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। विकास और विरासत के मुद्दे पर मोदी सरकार नित नए नए मुकाम को छू रही है। दुनिया भारत के सामर्थ्य का लोहा मान रहा है। जनता अपने लोकप्रिय प्रधानमंत्री के साथ कदम से कदम मिलाकर विकसित भारत निर्माण में जुटी है। ऐसे में अपनी राजनैतिक खीज और हताशा उतारने के लिए वे बार बार ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं।