देहरादून में समाधान दिवस, जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर प्रशासन का जोर
देहरादून: देहरादून में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिला प्रशासन ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 171 शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सामने आए सबसे अहम मामलों में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से लाखों रुपये की ठगी शामिल रही। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एक परिवार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन के लिए भटक रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर एक सप्ताह के भीतर पात्र व्यक्ति की पेंशन स्वीकृत की जाए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, बैंक ऋण, मुआवजा तथा आपदा से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई की गई। सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, बिजली लाइनों से जुड़े खतरों को दूर करने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता को समय पर न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।