SIR-2026 के अंतिम चरण में प्रशासन अलर्ट, हर पात्र मतदाता को सूची में शामिल करने पर जोर
रुड़की: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के अंतिम चरण में रुड़की प्रशासन ने अपनी गतिविधियां और तेज कर दी हैं। अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) लगातार घर-घर जाकर निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Form) का वितरण और संकलन कर रहे हैं। साथ ही मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जा रही है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रहना लोकतंत्र के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्होंने अभी तक EF Form जमा नहीं किया है तो तुरंत संबंधित बीएलओ से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से मतदाता सूची का पुनरीक्षण कर रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि आम जनता के सहयोग से अभियान शत-प्रतिशत सफलता के साथ पूरा होगा और सभी पात्र नागरिक आगामी चुनावों में बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।