यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग का विशेष अभियान, बसों और चालकों की होगी जांच
देहरादून: सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से देहरादून आरटीओ प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। इस अभियान के तहत शहर की लगभग 170 सिटी बसों की फिटनेस जांच और सभी चालकों व परिचालकों का हेल्थ चेकअप कराया जाएगा।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि तकनीकी फिटनेस के साथ-साथ चालक का स्वस्थ होना भी सुरक्षित यात्रा के लिए उतना ही जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।
रेंजेस ग्राउंड में लगाए जाने वाले मेडिकल कैंप में डॉक्टरों की टीम हृदय, आंखों और ब्लड प्रेशर सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। जरूरत पड़ने पर आगे की चिकित्सीय सलाह भी दी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि किसी भी चालक में गंभीर स्वास्थ्य समस्या पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता न हो।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे चालकों के लाइसेंस निलंबित करने के साथ न्यायालय के माध्यम से दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।