‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान से नैनीताल में लोगों को मिली राहत, 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
नैनीताल में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा आम नागरिकों के लिए राहत लेकर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनमें बड़ी संख्या में मामलों का तत्काल समाधान किया गया।
शिविर में 27 विभागों ने संयुक्त रूप से भाग लेते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, सिंचाई, लोक निर्माण और महिला कल्याण जैसी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और उनका शीघ्र समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वयं शिविर स्थल पर न्यायालय लगाकर वर्षों से लंबित तीन मामलों का निस्तारण किया, जिसकी लोगों ने सराहना की।
शिविर में कुल 53 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 32 का मौके पर समाधान किया गया। भूमि विवाद, पेयजल, सड़क, जल निकासी और अतिक्रमण जैसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। कार्यक्रम में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।