टिहरी के बागवान में युवक की संदिग्ध मौत, सीसीटीवी फुटेज भी जांच के दायरे में
टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर क्षेत्र स्थित बागवान पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक की पहचान सुनील भट्ट (38) पुत्र मणिराम भट्ट, निवासी ग्राम बागवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना देर रात की है और शुरुआती जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
सीसीटीवी फुटेज में युवक पहले पेट्रोल पंप परिसर से बाहर जाता हुआ दिखाई देता है। कुछ समय बाद वह वापस लौटता है। लौटने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ जाती है और उसे खून की उल्टियां होने लगती हैं। कुछ ही देर में उसकी मौत हो जाती है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल किसी भी संभावना को नकारा नहीं गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।