मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत तीन माह की सहायता राशि जारी, 4.39 करोड़ रुपये सीधे खातों में पहुंचे
देहरादून: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए तीन महीने की आर्थिक सहायता जारी कर दी है। मंगलवार को मंत्री रेखा आर्या ने 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की राशि DBT के माध्यम से पात्र बच्चों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना वर्ष 2020 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य कोरोना महामारी में अपने अभिभावकों को खो चुके बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को हर महीने 3,000 रुपये दिए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 के लिए 4,917 लाभार्थियों को 1 करोड़ 47 लाख 51 हजार रुपये, मई 2026 के लिए 4,879 लाभार्थियों को 1 करोड़ 46 लाख 37 हजार रुपये और जून 2026 के लिए 4,848 लाभार्थियों को 1 करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐसे बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण प्रयास है। पात्र बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूरी होने, बालिका के विवाह अथवा रोजगार मिलने के बाद योजना का लाभ स्वतः समाप्त हो जाता है।