देहरादून में पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन बढ़ा, डॉग बाइट की घटनाओं में आई बड़ी गिरावट
देहरादून: देहरादून नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे डॉग रजिस्ट्रेशन अभियान को इस वर्ष उल्लेखनीय सफलता मिली है। नगर निगम के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. अग्रवाल ने बताया कि शहर में पालतू कुत्तों का पंजीकरण पिछले वर्ष की तुलना में तीन गुना तक बढ़ गया है।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में मार्च से मई के बीच केवल 400 कुत्तों का पंजीकरण हुआ था। जबकि इस वर्ष इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 1,072 तक पहुंच गई है। निगम का मानना है कि लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ने से यह बदलाव संभव हुआ है।
इसके साथ ही नगर निगम ने आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए ABC और ARV अभियान को भी तेज किया है। अधिकारियों के अनुसार, शहर के लगभग 90 प्रतिशत आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी रेबीज टीकाकरण पूरा किया जा चुका है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इन प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिला है। पहले जहां हर दिन 10 से 12 डॉग बाइट की शिकायतें आती थीं, वहीं अब यह आंकड़ा घटकर 2 से 3 शिकायतों तक सीमित रह गया है।
नगर निगम ने कहा कि भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित रहे और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।