एडीबी परियोजनाओं का निरीक्षण, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुणवत्ता और सुरक्षा पर दिया जोर
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने समीक्षा बैठक के बाद एडीबी के तहत हल्द्वानी में संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थलों पर पहुंचकर अधिकारियों को गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कॉलटेक्स काठगोदाम क्षेत्र में सीवरेज, सड़क, गैस पाइपलाइन और नहर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जमरानी बांध परियोजना के तहत बन रही नहर की सुरक्षा को देखते हुए कवरिंग का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर बने गड्ढों को तुरंत भरने और यातायात सुचारु रखने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, सुरक्षा संकेतक और साइनेज लगाए जाएं ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य शुरू करना नहीं, बल्कि उन्हें समय पर, गुणवत्ता के साथ और जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरा करना है। इसके लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा।