गौला बैराज में बढ़ा जलस्तर, प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को किया अलर्ट
हल्द्वानी में लगातार हो रही बारिश और पहाड़ों से आ रहे पानी के कारण गौला बैराज का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
सुबह 11 बजे तक बैराज में जलस्तर 90,164 दर्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने के साथ ही गौला नदी का बहाव भी तेज हो गया है। प्रशासन लगातार बैराज की निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
नैनीताल की जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि आपदा से जुड़े किसी भी अधिकारी का फोन बंद पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बैराज से पानी की निकासी पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे जाने से बचें, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का तुरंत पालन करें।