सड़क नहीं, संकट मिला: ऐरठा गांव के लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार
देवाल (चमोली): चमोली के देवाल ब्लॉक स्थित ऐरठा गांव में बारिश आफत बनकर सामने आई है। कनबनी तोक में लगातार गिर रहे मलबे और बोल्डरों ने गांव का मुख्य पैदल मार्ग बंद कर दिया है। इससे ग्रामीणों का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट गया है।
ग्रामीणों को अब दूसरे रास्ते से लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त पैदल चलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में अस्पताल या अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार टम्टा ने बताया कि प्रस्तावित 14 किलोमीटर लंबे ऐरठा-ऑर्डर-लिंगड़ी-कफलखेत मोटरमार्ग का सर्वे पूरा होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि मलबा गिरने के दौरान ओम राम टम्टा घायल भी हुए हैं। गांव में करीब 60 परिवार रहते हैं और सड़क सुविधा के अभाव में हर वर्ष बरसात के दौरान ऐसी समस्याएं सामने आती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पैदल मार्ग खोलने और मोटरमार्ग निर्माण शुरू करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और चुनाव बहिष्कार जैसे कदम उठाए जाएंगे।