देहरादून में बारिश का प्रकोप, खाला बस्ती में दीवार ढहने से मची अफरा-तफरी
देहरादून: मानसून की तेज बारिश ने एक बार फिर राजधानी देहरादून में जनजीवन को प्रभावित किया है। विजय कॉलोनी स्थित खाला बस्ती में शनिवार शाम सुरक्षा दीवार गिरने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई मकानों को नुकसान पहुंचा और एक महिला घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायल महिला विमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद दून अस्पताल भेजा गया। मौके पर मौजूद टीमों ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
जिलाधिकारी देहरादून ने संबंधित विभागों को संभावित खतरे वाले स्थानों का तत्काल निरीक्षण करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर भेजने की तैयारी भी कर ली है।
बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में प्रशासन हाई अलर्ट पर है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके।