रुड़की में जन निर्माण पार्टी का बढ़ा कुनबा, कई दलों के नेताओं ने ली सदस्यता
रुड़की: आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में रुड़की के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जन निर्माण पार्टी ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कई नए नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम में शामिल हुए कई नेताओं ने भविष्य में जन निर्माण पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत किया और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि लगातार विभिन्न दलों से लोग जन निर्माण पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन का दायरा तेजी से बढ़ रहा है।
जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करना और आम जनता की आवाज को मजबूती देना है। उन्होंने कहा कि जनता ने कई बार ऐसे प्रतिनिधियों को चुना जिन्होंने चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। जन निर्माण पार्टी इसी सोच को बदलने के लिए काम कर रही है।
सोनिया शर्मा ने बताया कि पार्टी जल्द ही पूरे प्रदेश में संगठन विस्तार अभियान चलाएगी और सभी कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आने वाले चुनाव में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
वहीं खानपुर विधायक उमेश कुमार ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि नए साथियों के आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जन निर्माण पार्टी जनता के भरोसे पर खरी उतरेगी।