रेड अलर्ट में चम्पावत प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन सफल, चार लोगों की सुरक्षित बची जान
चम्पावत: रेड अलर्ट के बीच चम्पावत जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने चार लोगों की जान बचा ली। टनकपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सफल रेस्क्यू अभियान चलाया।
देर रात डायल-112 पर सूचना मिली कि बस्तिया के पास छोटी पुलिया क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 5 से 10 फीट गहरी खाई में गिर गई है। वाहन में चार लोग सवार थे और उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता थी।
जिला आपदा कंट्रोल रूम ने बिना देरी किए पुलिस, फायर स्टेशन टनकपुर, एसडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा को सक्रिय किया। सभी एजेंसियों ने बेहतर तालमेल के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने कुछ ही समय में कार में फंसे सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत कार्य पूरा होने के बाद घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि समय पर कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि रेड अलर्ट के दौरान जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कंट्रोल रूम लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।