चलती कार बनी आग का गोला, हाईवे पर मचा हड़कंप, नई कार जलकर राख
रुड़की: हरिद्वार हाईवे पर मंगलौर क्षेत्र के नगला इमरती के पास एक चलती कार में अचानक आग लगने से लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि पूरी कार जलकर राख हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने कार से धुआं निकलते ही वाहन रोक दिया और बाहर निकल गया। इसके कुछ ही क्षण बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित दूरी बना ली।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
बताया जा रहा है कि कार हाल ही में खरीदी गई थी। आग लगने के पीछे तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते वाहन खाली कर दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।