हरिद्वार में दो साधुओं की हत्या की आशंका, पुलिस ने जंगल से बरामद किए शव
हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में दो साधुओं के शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर के पास जंगल में गड्ढे से दोनों शव बरामद किए गए। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने दोनों साधुओं के कई दिनों से दिखाई नहीं देने पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में जांच शुरू की। तलाशी के दौरान जंगल में खुदाई कर शव बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे इलाके की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हर छोटे-बड़े सुराग की जांच की जाएगी।
मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी अखिल गिरी पर संदेह जताया गया है। बताया जा रहा है कि वह घटना के बाद से फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।