युवाओं के भविष्य पर राजनीति गरमाई, कांग्रेस ने पेपर लीक के खिलाफ निकाला कैंडल मार्च
रुड़की: उत्तराखंड में पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरने में जुटी है। इसी कड़ी में रुड़की के लंढौरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कैंडल मार्च मंगलौर अड्डे से शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक के कारण प्रदेश के युवाओं का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत को बेकार कर देती हैं। पंवार ने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज बनकर इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।