प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम ने दिया समाज और पर्यावरण संरक्षण का संदेश : रेखा आर्या
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को सोमेश्वर स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 136वां एपिसोड पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को देश के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहा है। इसमें देशभर से सामने आने वाली प्रेरणादायक कहानियां लोगों को नई सोच और सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, खेल, विज्ञान, जल संरक्षण और पर्यावरण जैसे विषयों पर चर्चा कर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सफलता की कहानियां आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करती हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसे अभियान आने वाले समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से इन अभियानों को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
रेखा आर्या ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का साझा दायित्व है।