उत्तराखंड बना मिसाल, भूसे और साइलेज पर रिकॉर्ड सब्सिडी से पशुपालकों को बड़ी राहत
उत्तराखंड सरकार पशुपालकों को राहत देने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। दुग्ध विकास एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों का उद्देश्य किसानों की लागत कम करना और उनकी आय बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां भूसे पर 50 प्रतिशत और साइलेज पर 68 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इससे पशुओं के चारे का खर्च कम होगा और पशुपालकों को आर्थिक राहत मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार ने दूध के खरीद मूल्य में भी 8 से 11 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। इस फैसले से डेयरी व्यवसाय करने वाले किसानों को सीधा लाभ मिला है।
उन्होंने जानकारी दी कि किसानों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अब डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे भुगतान प्रक्रिया तेज और पारदर्शी हुई है।
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि डेयरी, पशुपालन, कृषि, हॉर्टिकल्चर और होम-स्टे जैसी योजनाएं राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।