सेलाकुई में ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, STF ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
देहरादून: सेलाकुई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। संयुक्त टीम ने 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी स्कूटी की डिक्की में ड्रग्स छिपाकर उसे सप्लाई करने जा रहे थे। सूचना मिलते ही एसटीएफ और सेलाकुई पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ लिया।
मौके पर बरामद पदार्थ की जांच औषधि निरीक्षक द्वारा की गई। जांच में पुष्टि हुई कि बरामद पदार्थ कैटामाइन है। इसके बाद पुलिस ने ड्रग्स को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार और अंकित तिवारी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे ड्रग नेटवर्क की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।