देहरादून में मतदाता सूची सुधार अभियान को मिली रफ्तार, डीएम ने किया फील्ड निरीक्षण
देहरादून: जिले में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है। अभियान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अजबपुर कलां क्षेत्र का दौरा किया।
उन्होंने मौके पर बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर वितरित किए जा रहे नोटिसों की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि हर पात्र मतदाता तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। इसके लिए सभी बीएलओ को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने और फ्लोचार्ट व चेकलिस्ट का पालन करने को कहा गया।
प्रशासन के अनुसार, जिले में 11.90 लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, रिकॉर्ड में अंतर मिलने पर लगभग 5.47 लाख मतदाताओं को संशोधन के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि अभियान पूरा होने के बाद मतदाता सूची अधिक सटीक और विश्वसनीय बनेगी, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूती मिलेगी।