ठेकेदार की सूझबूझ से बेनकाब हुआ रिश्वतखोरी का खेल, 20 हजार लेते जेई गिरफ्तार
जसपुर में एक ठेकेदार की सतर्कता ने सरकारी विभाग में चल रहे कथित रिश्वतखोरी के खेल का खुलासा कर दिया। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने संविदाकर्मी कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत क्षेत्रों में वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा होने के बाद भुगतान रोक दिया गया था। आरोप है कि भुगतान जारी करने के लिए संबंधित अधिकारियों ने रिश्वत की मांग शुरू कर दी। ठेकेदार सरफराज अहमद ने रिश्वत देने के बजाय कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया।
उन्होंने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस ने पूरी योजना तैयार की और रिश्वत की रकम के साथ ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। आरोपी विवेक कुमार को कुंडा, काशीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दूसरी ओर, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर फरार हैं। उनके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विवेचना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।