देहरादून पॉलिटेक्निक में परीक्षा विवाद ने पकड़ा तूल, दरोगा समेत परिजनों पर हंगामे का आरोप
देहरादून: पिट्ठूवाला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में परीक्षा के दौरान नकल के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस जांच तक पहुंच गया है। संस्थान के शिक्षकों ने एक छात्र के परिजनों, जिनमें उसके दरोगा पिता भी शामिल हैं, पर परीक्षा नियंत्रण कक्ष में घुसकर हंगामा और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शिक्षकों के मुताबिक सिविल इंजीनियरिंग फाइनल ईयर का एक छात्र परीक्षा के दौरान कथित रूप से नकल करते हुए पकड़ा गया था। इस पर परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षकों ने उसे टोका, जिसके बाद छात्र परीक्षा छोड़कर चला गया। आरोप है कि कुछ दिन बाद छात्र अपने परिजनों के साथ संस्थान पहुंचा और मामले को लेकर विवाद शुरू हो गया।
शिक्षकों का दावा है कि परिजनों ने नियंत्रण कक्ष में पहुंचकर कर्मचारियों और महिला स्टाफ के साथ अभद्रता की। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं भी हुईं। वहीं घटना का वीडियो बना रहे लोगों को भी कथित रूप से धमकाया गया।
हालांकि छात्र के पिता दरोगा महेश कंडवाल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके बेटे के साथ अनुचित व्यवहार और मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत करने वे संस्थान पहुंचे थे।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।