सितारगंज में दूषित पानी बना जानलेवा, पीलिया की चपेट में आए दर्जनों बच्चे, एक की मौत
सितारगंज: उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र के नया गांव में दूषित पेयजल को लेकर हालात गंभीर बने हुए हैं। गांव में सप्लाई हो रहे पानी के कारण पीलिया फैलने की आशंका जताई जा रही है। बीमार बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब तक करीब 50 बच्चों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। इस बीच 14 वर्षीय अल्तमश की उपचार के दौरान मौत हो जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की टंकी की नियमित सफाई और रखरखाव नहीं होने के कारण पानी दूषित हो गया, जिससे बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ गए। कई बच्चों का इलाज सितारगंज और आसपास के अस्पतालों में चल रहा है, जबकि गंभीर मरीजों को उच्च केंद्रों पर रेफर किया गया है।
घटना के बाद पूर्व विधायक नारायण पाल गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उनके हस्तक्षेप के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और लोगों की जांच शुरू की गई।
नारायण पाल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने अब तक पीड़ित परिवारों की सुध नहीं ली है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण है और यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
वहीं प्रशासन ने गांव में पानी की टंकी की सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग भी बीमारी के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।