2027 चुनाव की तैयारी में जुटा उक्रांद, थराली बैठक में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को थराली के केदारबगड़ स्थित पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी और महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष कर्नल संतोष भंडारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब राष्ट्रीय दलों के विकल्प के रूप में क्षेत्रीय राजनीति की ओर देख रही है।
आशुतोष नेगी ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों बाद भी उत्तराखंड के मूल मुद्दे जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार सुनिश्चित किए बिना राज्य का विकास संभव नहीं है। साथ ही गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया।
कर्नल संतोष भंडारी ने महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और पलायन को राज्य के सबसे बड़े मुद्दे बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार इन समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में जनता उक्रांद को मजबूत जनादेश देगी।
बैठक में पूर्व राज्य आंदोलनकारी भूपाल सिंह गुंसाई ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों की अनदेखी से लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि थराली और नंदानगर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की स्थिति अब भी चिंता का विषय बनी हुई है।
बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा सभी ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।