मोदी के दीर्घायु की कामना के लिए भाइपाइयों ने देवभूमि के मठ-मंदिरों और गुरुद्वारों में की प्रार्थना…
देहरादून। नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लम्बे कार्यकाल का कीर्तिमान स्थापित करने पर बुधवार को देवभूमि उत्तराखंड स्थित लगभग सभी प्रमुख मठ, मंदिरों, गुरुद्वारों में विशेष पूजा अर्चना और शबद कीर्तन कर उनके दीर्घायु की प्रार्थना की गई।
मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में आज 4399 दिन पूर्ण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया, जो इससे पहले देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु के नाम पर था। नेहरू ने 4398 दिन तक निरंतर अपनी सेवाएं देश को दी थी। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में राज्य में चल रहे ’12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना के लिए श्री बदरीनाथ केदारनाथ धाम सहित सभी अधीनस्थ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना हुई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट ने सहसपुर विधानसभा के झाझरा स्थित बालाजी धाम मंदिर में मोदी के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके दीर्घायु और स्वास्थ्य रहने की प्रार्थना की। गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर उनके दीर्घायु जीवन एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। इस अवसर पर दिगम्बर भरत गिरी जी महाराज, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, मण्डल अध्यक्ष प्रदीप रावत, सिकन्दर सिंह, पार्षद भूपेन्द्र कठैत, संजय नौटियाल, वंदना बिष्ट, मनोज क्षेत्री, देवेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज के नेतृत्व में भाजपा डालनवाला मंडल द्वारा शिव पंचायती मंदिर (दर्शनलाल चौक), देहरादून में प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी तरह हरिद्वार में हर की पैड़ी पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में गंगा आरती की गई। सिखों के पवित्र धाम गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब में भी अरदास के साथ शबद कीर्तन किया गया।
रिपोर्ट : राजकुमार दक्ष