रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 11 दोपहिया वाहन बरामद
रुड़की में पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने पनियाला तिराहे पर चेकिंग के दौरान अयान और अजय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कई वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक एक्टिवा स्कूटी और 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कई वाहन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की लत के कारण चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये वाहन चोरी कर उनकी पहचान मिटाने के लिए नंबर प्लेट बदल देते थे और बाइक को मॉडिफाई कर बेच देते थे।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।