मसूरी में 80 परिवारों पर प्रशासन की कार्रवाई, मकानों पर लगी सील – 2 दिन में खाली करने का आदेश
मसूरी : मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मासोनिक लॉज बस स्टैंड क्षेत्र में बने अवैध आवासीय मकानों पर सीलिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से लगभग 80 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह कार्रवाई मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA), नगर पालिका परिषद मसूरी, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, लेकिन स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें दो दिन का समय दिया।
जानकारी के अनुसार, यह भूमि नगर पालिका की संपत्ति है, जिसे पहले पार्किंग के लिए स्वीकृत किया गया था। लेकिन बाद में यहां बिना मानचित्र स्वीकृति के आवासीय भवनों का निर्माण कर लिया गया।
प्रशासन का कहना है कि पूर्व में भी इन भवनों को सील किया गया था, लेकिन सील तोड़कर फिर से कब्जा कर लिया गया था। अब दो दिन बाद दोबारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।