चुनावी मोड में भाजपा, अक्टूबर तक की कार्ययोजना तैयार
देहरादून: उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी ने अपने विभिन्न प्रकोष्ठों और संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करते हुए चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की कवायद शुरू कर दी है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित 22 प्रकोष्ठों की बैठक में संगठन की भविष्य की योजनाओं और कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि अक्टूबर माह तक विभिन्न कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार किया गया है। इसके तहत प्रदेशभर में अलग-अलग स्तरों पर बैठकें, जनसंपर्क अभियान और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
भट्ट ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनावी सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना भी है। इसी उद्देश्य से प्रकोष्ठों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।