खानपुर में क्षेत्रीय विभाजन खत्म करना होगी पहली प्राथमिकता: जितेंद्र पंवार
कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने खानपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे क्षेत्रीय विभाजन को समाप्त करने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की सबसे बड़ी बाधा आपसी विभाजन और राजनीतिक ध्रुवीकरण रहा है।
रुड़की में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंवार ने कहा कि खानपुर में “नदी के ऊपर” और “नदी के नीचे” की राजनीति ने क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है। इससे विकास कार्यों में असंतुलन पैदा हुआ और कई गांव अपेक्षित सुविधाओं से वंचित रह गए।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो उनका पहला प्रयास पूरे क्षेत्र को एक विकास मॉडल के तहत जोड़ना होगा। सभी क्षेत्रों में समान रूप से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
पंवार ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज को जोड़ना होना चाहिए, न कि बांटना। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सामाजिक समरसता और समान विकास की नीति पर काम करेगी, जिससे खानपुर को नई दिशा मिल सकेगी।