उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: भाजपा महिला मोर्चा ने चुनावी तैयारियों को दी रफ्तार, तीन माह का विशेष अभियान शुरू
देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने संगठन को मजबूत करने और महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए तीन माह का विस्तृत अभियान तैयार किया है। महिला मोर्चा का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बताया कि जिलों और मंडलों की संगठनात्मक बैठकें पूरी हो चुकी हैं। अब कार्यकर्ताओं को आधुनिक और प्रभावी प्रशिक्षण देने के लिए फिजिकल प्रशिक्षण के साथ-साथ ऑनलाइन ट्रेनिंग की भी व्यवस्था की गई है, ताकि हर कार्यकर्ता चुनावी रणनीति को बेहतर ढंग से समझ सके।
उन्होंने जानकारी दी कि 15 जुलाई से 30 जुलाई तक प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाली उद्यमी महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरणा भी मिलेगी।
इसके बाद 1 अगस्त से 15 अगस्त तक महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित होंगे। इनमें जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य, ब्लॉक स्तर की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों सहित स्थानीय निकायों से जुड़ी महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य महिला नेतृत्व को और अधिक मजबूत बनाना है।
सितंबर के पहले पखवाड़े में सभी विधानसभा क्षेत्रों में टिफिन बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में भाजपा की वरिष्ठ महिला कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उनके अनुभवों का लाभ संगठन को मिल सके और आगामी चुनाव के लिए बेहतर रणनीति तैयार की जा सके।