चारधाम यात्रा में सुरक्षा पर विशेष फोकस, मानसून के बीच वाहन चालकों को जारी हुई नई एडवाइजरी
देहरादून: उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा के बीच परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अपनी तैयारियों को और मजबूत कर दिया है। मानसून के मौसम को देखते हुए विभाग ने सभी व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारू बनी रहे।
आरटीओ संदीप सैनी के अनुसार इस वर्ष चारधाम यात्रा के लिए 35,800 से अधिक ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। वहीं ट्रिप कार्ड जारी करने की संख्या भी पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ी है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों पर प्रवर्तन टीमों की सक्रियता से दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
बारिश के मौसम में पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले प्रत्येक वाहन की तकनीकी जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।
प्रशासन ने सभी चालकों को वाहन के टायर, ब्रेक, वाइपर और लाइटिंग सिस्टम की जांच नियमित रूप से करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार से बचने की अपील की गई है, जिससे संभावित हादसों को रोका जा सके।
आरटीओ प्रशासन ने बताया कि मानसून के दौरान सभी प्रमुख यात्रा मार्गों पर चेकिंग अभियान और अधिक सघन किया जाएगा। सुबह के समय विशेष निरीक्षण किया जाएगा ताकि किसी भी तकनीकी रूप से असुरक्षित वाहन को यात्रा मार्ग पर जाने से रोका जा सके।