मानसून की दस्तक से बदला नैनीताल का नजारा, शहर में पसरा सन्नाटा
नैनीताल में मानसून की सक्रियता के साथ मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। देर रात से लगातार बारिश और सुबह से छाए घने कोहरे ने शहर को अपनी आगोश में ले लिया। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश का असर पर्यटन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सामान्य दिनों में पर्यटकों से भरी रहने वाली नैनी झील, माल रोड और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थल इस समय काफी शांत नजर आ रहे हैं। झील में नौकायन पूरी तरह बंद है और पर्यटक मौसम सुधरने का इंतजार कर रहे हैं।
हालांकि, पर्यटकों की संख्या कम होने से शहर में यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर दिखाई दे रही है। पिछले कुछ दिनों से लगातार लग रहे जाम से लोगों को राहत मिली है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने पर ही कारोबार में फिर से रौनक लौटेगी।
बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। स्कूल खुलने और मानसून शुरू होने के कारण पर्यटकों की संख्या में स्वाभाविक कमी भी देखने को मिल रही है। होटलों में भी अब कमरे पहले की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध हो रहे हैं।
विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।