सड़क, पानी और स्कूलों की बदहाली पर गरजी भीमताल BDC बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
भीमताल विकासखंड में आयोजित क्षेत्र पंचायत (BDC) की बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। बैठक में सड़क, पेयजल, शिक्षा, बिजली और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में नैनीताल विधायक सरिता आर्य और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे भी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कई गांवों में सड़कें वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं, जबकि कई स्थानों पर नई सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से लंबित है। ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए नालियों के निर्माण की आवश्यकता भी बताई ताकि बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
बैठक में ग्रामीण स्कूलों की खराब स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी, भवनों की जर्जर हालत और बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया गया। अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
पेयजल संकट और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य भी चर्चा के केंद्र में रहे। कई जनप्रतिनिधियों ने बताया कि नियमित जलापूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के ढीले तारों और अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। विधायक सरिता आर्य ने भी विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।