गणेशपुर टोल पर टकराव टला, किसानों और प्रशासन में बनी सहमति
रुड़की: गणेशपुर टोल प्लाजा पर प्रस्तावित घेराव से पहले किसान संगठनों और प्रशासन के बीच बनी सहमति से संभावित टकराव टल गया। भारतीय किसान यूनियन (एकता) और भारतीय किसान यूनियन (टोडा) ने वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया।
सुबह किसान नेताओं को उनके कैंप कार्यालय से बाहर नहीं निकलने दिया गया। पुलिस ने इसे एहतियाती कदम बताया। प्रशासन का कहना था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
बैठक में किसानों ने अधूरी सड़क के बावजूद पूरा टोल वसूले जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब तक एक्सप्रेसवे पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक वाहन चालकों को राहत मिलनी चाहिए।
इसके अलावा किसानों ने टोल कर्मचारियों के व्यवहार, लेनों के संचालन और स्थानीय निवासियों को छूट देने की मांग उठाई। अधिकारियों ने इन मांगों पर विचार करने और समाधान निकालने का भरोसा दिया।
किसान नेताओं ने कहा कि वे प्रशासन की कार्रवाई पर नजर रखेंगे। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।