रुड़की की जनसभा में यूकेडी ने संगठन विस्तार का किया दावा, चुनाव सुधार की भी उठाई मांग
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित पनियाला चंदापुर में उत्तराखंड क्रांति दल की एक जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक लाखवान सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। जनसभा के दौरान अनेक लोगों ने यूकेडी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
दीपक लाखवान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के लोगों को रोजगार, शिक्षा और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनता आज महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रही है, जिन पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा जनता का ध्यान मूल मुद्दों से हटाकर धार्मिक और राजनीतिक विवादों में उलझाने का प्रयास कर रही हैं। उनके अनुसार लोकतंत्र में विकास और जनकल्याण सबसे महत्वपूर्ण विषय होने चाहिए।
लाखवान ने कहा कि यूकेडी प्रदेश के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी जनता की आवाज बनकर कार्य करती रहेगी। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता बताते हुए ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यह उनकी पार्टी का लंबे समय से उठाया जा रहा मुद्दा है।