उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए आवेदन शुरू, जानिए अंतिम तिथि और शुल्क
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के आवेदन शुरू कर दिए हैं। परिषद ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
संस्थागत छात्रों के आवेदन 31 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को 14 अगस्त 2026 तक आवेदन करने का समय दिया गया है। इसके बाद भी 150 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 24 अगस्त तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे।
परिषद की ओर से जारी सूचना के अनुसार हाईस्कूल संस्थागत छात्रों के लिए परीक्षा शुल्क 200 रुपये और इंटरमीडिएट संस्थागत छात्रों के लिए 350 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए शुल्क क्रमशः 600 और 700 रुपये रखा गया है। अन्य प्रमाणपत्रों और एक विषय की परीक्षा के लिए अलग शुल्क भी निर्धारित है।
बोर्ड ने विद्यालयों से कहा है कि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। छात्रों की जानकारी सही तरीके से दर्ज करने और समय पर आवेदन भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
परिषद सचिव ने कहा कि समय सीमा समाप्त होने के बाद केवल बोर्ड के नियमों के अनुसार ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसलिए सभी छात्र समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।