बूथ आधारित रणनीति पर भाजपा का जोर, चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर पर दे रही मजबूती
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी का फोकस ऐसे मजबूत संगठनात्मक ढांचे के निर्माण पर है, जो चुनाव के दौरान प्रत्येक बूथ पर प्रभावी भूमिका निभा सके।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा हमेशा से बूथ आधारित संगठन पर विश्वास करती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बूथ स्तर पर जनता के बीच रहकर संगठन और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में बूथ अध्यक्षों और बूथ समितियों के गठन एवं पुनर्गठन का कार्य लगातार जारी है। पार्टी यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक बूथ पर प्रशिक्षित और सक्रिय टीम मौजूद रहे, जो संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित कर सके।
तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा के विभिन्न कार्यक्रम केवल राजनीतिक गतिविधियां नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर संगठन को और मजबूत बनाया जाता है। कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण साबित होते हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान और अधिक तेज किए जाएंगे। भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ तक अपनी पहुंच मजबूत करना और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।