कलियर में मतदाता सूची विवाद ने पकड़ा तूल, विधायक फुरकान अहमद ने निर्वाचन विभाग से की कार्रवाई की मांग
रुड़की: कलियर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। कांग्रेस विधायक हाजी फुरकान अहमद ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निर्वाचन विभाग से तत्काल कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विधायक ने दावा किया कि बूथ संख्या-48 (शांतरशाह) की मतदाता सूची में एक ही नाम ‘रामदेव’ को बड़ी संख्या में मतदाताओं के पिता के रूप में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की संख्या 100 से अधिक है और संबंधित प्रविष्टियों में मकान नंबर भी शून्य दर्ज किए गए हैं, जिससे सूची की प्रमाणिकता पर सवाल खड़े होते हैं।
हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित होनी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से प्रत्येक संदिग्ध प्रविष्टि का सत्यापन कराने और यदि अनियमितता मिले तो आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर विधायक ने भाजपा सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा अब कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है और प्रदेश में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है।
आगामी चुनाव को लेकर विधायक ने कहा कि उन्हें कलियर विधानसभा की जनता पर पूरा विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता एक बार फिर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजेगी।