नैनीताल में मानसून से पहले आपदा प्रबंधन की तैयारी परखा गया, पांच जगहों पर हुआ मॉक ड्रिल
मानसून के दौरान संभावित भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नैनीताल जिले में मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में जिले के पांच अलग-अलग स्थानों पर काल्पनिक आपदा की स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव एजेंसियों की तैयारियों और समन्वय का परीक्षण किया गया।
नैनीताल के आलमा कॉटेज क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और गंभीर मामलों को अस्पताल भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई।
जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की पल-पल की निगरानी की। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की भी समीक्षा की।
इसके अलावा हल्द्वानी, कालाढूंगी, बेतालघाट और लालकुआं में भी बाढ़, भू-कटाव, सड़क अवरुद्ध होने और पुल क्षतिग्रस्त होने जैसी काल्पनिक घटनाओं पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। प्रशासन का कहना है कि ऐसी मॉक ड्रिल भविष्य की आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।