भारत-नेपाल सीमा से पकड़े गए 25 क्विंटल काजू-अखरोट का हुआ निस्तारण, प्रशासन ने मिट्टी में दबाकर किया नष्ट
खटीमा : भारत-नेपाल सीमा से तस्करी के दौरान जब्त किए गए करीब 25 क्विंटल काजू और अखरोट का प्रशासन ने नियमानुसार निस्तारण कर दिया। खटीमा तहसील परिसर में जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर पूरे जब्त माल को मिट्टी में दबा दिया गया।
कुछ दिन पहले सीमा शुल्क विभाग की सीएमपीयू खटीमा टीम ने मेलाघाट ऑफ-रूट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 2,460 किलोग्राम काजू गिरी और 60 किलोग्राम अखरोट बरामद किए थे। कार्रवाई निरीक्षक आकाश दीक्षित और हेड हवलदार मंजुल कुमार दुबे के नेतृत्व में हुई थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार वीरेंद्र सजवान की मौजूदगी में जब्त माल का निस्तारण किया गया। प्रशासन ने पूरे कार्य को सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया।
इस दौरान सीमा शुल्क विभाग के सहायक आयुक्त प्रवीन भूषण, सहायक निर्देशक डॉ. मुकेश बाबू, अधीक्षक रजोष शर्मा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई की निगरानी प्रशासनिक अधिकारियों ने की।
सीमा शुल्क विभाग ने कहा कि तस्करी देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। विभाग ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें।