एक इंस्टाग्राम फोटो और खुल गई लाखों की चोरी, घरेलू सहायिका गिरफ्तार
देहरादून पुलिस ने राजपुर थाना क्षेत्र में करीब एक वर्ष पहले हुई लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के घर में काम कर चुकी घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता नितिशा वत्स को लंबे समय तक यह विश्वास था कि उन्होंने अपने गहने कहीं सुरक्षित रख दिए हैं। इसी कारण उन्होंने तत्काल चोरी की आशंका नहीं जताई। मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक तस्वीर ने नया सुराग दिया।
शिकायतकर्ता के परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की फोटो दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने नजर आ रही थी। तस्वीर में मौजूद महिला की पहचान पूर्व घरेलू सहायिका विमला के रूप में हुई। हार को पहचानने के बाद शिकायतकर्ता ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
मामला दर्ज होने के बाद थाना राजपुर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए।
देहरादून पुलिस का कहना है कि यह मामला इस बात का उदाहरण है कि अपराध के बाद की गई छोटी-सी लापरवाही भी आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचा सकती है। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीर इस पूरे मामले में सबसे अहम सबूत बनकर सामने आई।