झबरेड़ा में रोजगार मेला निरस्त होने पर युवाओं का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
रुड़की: झबरेड़ा में प्रस्तावित रोजगार मेला रद्द होने के फैसले के विरोध में युवाओं ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
युवाओं का कहना है कि रोजगार मेले के माध्यम से करीब 40 कंपनियां भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाली थीं। इस आयोजन से हजारों बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अंतिम समय में मेला रद्द कर दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने बारिश का हवाला देकर रोजगार मेले को निरस्त किया, जबकि वास्तविकता कुछ और है। उनका कहना है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
युवाओं ने यह भी कहा कि इस मेले में केवल झबरेड़ा ही नहीं बल्कि आसपास के कई क्षेत्रों से अभ्यर्थी आने वाले थे। ऐसे में रोजगार का बड़ा अवसर अचानक खत्म हो गया।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सरकार से रोजगार के अवसर बढ़ाने और जल्द दोबारा रोजगार मेला आयोजित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं की आवाज को नजरअंदाज करना सरकार के लिए भारी पड़ सकता है।