मानसून से पहले देहरादून प्रशासन की तैयारी पूरी, डीएम ने बताए सुरक्षा के अहम इंतजाम
देहरादून: लगातार सक्रिय हो रहे मानसून को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि बारिश के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने विशेष रूप से भूस्खलन संभावित इलाकों पर निगरानी बढ़ा दी है। डीएम के अनुसार, ऐसे स्थानों पर जेसीबी मशीनें और अन्य राहत उपकरण पहले से उपलब्ध कराए गए हैं ताकि सड़क बंद होने या मलबा आने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम और संबंधित विभागों ने व्यापक सफाई अभियान चलाया है। शहर के अधिकांश नालों की सफाई पूरी कर ली गई है, जबकि जल निकासी में बाधा बनने वाले स्थानों को भी दुरुस्त किया गया है, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनी रहे।
डीएम ने कहा कि प्रशासन केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य निगरानी के साथ-साथ स्कूलों से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की भी लगातार समीक्षा की जा रही है।