नैनीताल में बारिश बनी मुसीबत, भूस्खलन से सड़कें बंद, ठंड और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
सरोवर नगरी नैनीताल में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जिले के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा के चलते भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे कई ग्रामीण सड़कें और एक प्रमुख जिला मार्ग बंद हो गए हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल मौसम में सुधार की संभावना कम जताई है।
लगातार बारिश के कारण अलचोना मोटर मार्ग, मोरनोला-भण्डारपानी मार्ग, पदमपुर-हैड़ाखान मार्ग, हरिश्ताल मोटर मार्ग और भुजान-बेतालघाट जिला मार्ग पर मलबा आने से यातायात ठप हो गया है। प्रशासन की टीमें मशीनों के जरिए सड़कों से मलबा हटाने का कार्य तेज़ी से कर रही हैं।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार नैनीताल में लगभग 43 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि बेतालघाट में करीब 12 मिमी बारिश हुई। लगातार वर्षा के चलते कई नाले और गधेरे उफान पर हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
घना कोहरा छाने से दृश्यता काफी कम हो गई है। पर्यटक होटल से बाहर नहीं निकल पाए, जबकि ठंड बढ़ने से स्थानीय लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्कूलों में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया और छात्रों की उपस्थिति कम रही।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और राहत दलों को अलर्ट पर रखा गया है।